अवैध रूप से टैंकरों से लाते हैं शहर का सीवेज

नवभारतटाइम्स.कॉम
sewage dumping near dwarka expressway pollution threat in new palam vihar
n NBT न्यूज, गुड़गांव: द्वारका एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-110 स्थित न्यू पालम विहार के पास स्टॉर्म वॉटर ड्रेन में अवैध रूप से सीवेज डाले जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोजाना कई टैंकर शहर के अलग-अलग इलाकों से सीवेज लाकर ड्रेन में खाली कर रहे हैं। इससे आसपास की सोसायटियों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बदबू, गंदगी और प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

निवासियों का कहना है कि टैंकर चालकों ने ड्रेन के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त कर अंदर जाने का रास्ता बना लिया है और वहीं से सीवेज डंप किया जा रहा है। इससे मिट्टी, भूजल और आसपास का वातावरण भी प्रदूषित होने का खतरा बढ़ गया है। कई बार विभाग और प्रशासन को शिकायत देने के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कई टैंकर चालक अपने वाहनों की नंबर प्लेट पर मिट्टी या कचरा लगा देते हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो जाता है। मांग है कि अवैध रूप से सीवेज डंप करने वाले सभी टैंकरों, ट्रैक्टरों और सक्शन पंपों को जब्त किया जाए। साथ ही टैंकर मालिकों और चालकों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया जाए, ताकि ऐसी गतिविधियों पर रोक लग सके।