Garbage Dumping Points Become Green Belts Impact Of Swachhta Se Swagat Abhiyan In Gurgaon
जहां फैली थी गंदगी, वहां फैलेगी हरियाली
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे ‘स्वच्छता से स्वागत अभियान’ के तहत शहर के डंपिंग पॉइंट्स को अब ग्रीन बेल्ट में बदला जा रहा है। इसके लिए निगम हर जोन में काम कर रहा है। जो स्थान पहले कचरे के ढेर और गंदगी के कारण पहचान बनाए हुए थे, उन्हें अब स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक स्थलों में परिवर्तित किया जा रहा है।अभियान के तहत पहले इन स्थानों की सफाई कराई जा रही है। इसके बाद पौधरोपण, फेंसिंग, वॉल पेंटिंग, सौंदर्यीकरणऔर ग्रीन विकास के कार्य किए जा रहे हैं, ताकि दोबारा इन स्थानों पर कचरा न डाला जाए और नागरिकों को स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण मिल सके। इसी क्रम में शुक्रवार को टिकरी क्षेत्र स्थित डंपिंग पॉइंट का सफलतापूर्वक कायाकल्प किया गया। सफाई एवं सौंदर्यीकरण के बाद यह स्थल पूरी तरह से बदला हुआ नजर आया। लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। निगम की ओर से यह अभियान शहर के सभी 36 वॉर्डों में जनभागीदारी के साथ चलाया जा रहा है। इसमें निगम पार्षद, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, वॉर्ड कमिटी सदस्य, एनजीओ, स्टूडेंट्स, सामाजिक संगठन और लोगों का सहयोग लिया जा रहा है। निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने कहा कि स्वच्छता से स्वागत अभियान केवल सफाई का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का एक सशक्त आंदोलन है।