छह महीने में 554 पति हत्या और आत्महत्या के मामले

नवभारतटाइम्स.कॉम
554 cases of husband homicide and suicide in 6 months illicit relations and domestic disputes become main causes
NBT न्यूज, गुड़गांव

शहर की एकम न्याय फाउंडेशन की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में 14 जुलाई तक देशभर में पति हत्या और आत्महत्या के 554 मामलों का डाक्यूमेंटेशन किया गया है। इनमें 322 पति हत्या और 232 पति आत्महत्या के मामले हैं। संस्था का कहना है कि संख्या इससे अधिक भी हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, पति हत्या के 322 मामलों में 194 (60.2%) मामले कथित अवैध संबंधों से जुड़े पाए गए, जबकि 88 मामले घरेलू विवाद से संबंधित थे। वहीं, 232 आत्महत्या के मामलों में 104 (44.83 %) लंबे समय तक चले घरेलू विवाद और 57 मामले पत्नी या ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से जुड़े बताए गए हैं। रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 93 पति हत्या और 103 आत्महत्या के मामले दर्ज होने का दावा किया गया है। इसके बाद मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, महाराष्ट्र और हरियाणा रहे। संस्थापक दीपिका नारायण भारद्वाज ने कहा कि उद्देश्य पुरुष पीड़ितों से जुड़े मामलों को भी विमर्श का हिस्सा बनाना है। रिपोर्ट में एनसीआरबी में पुरुष घरेलू हिंसा और पति हत्या की अलग श्रेणी बनाने तथा पुरुषों के लिए जेंडर-न्यूट्रल सहायता तंत्र विकसित करने की मांग की गई है।