Chaos At Lokbandhu Hospital After Patients Death Allegations Of Medical Negligence Scuffle Between Doctors And Relatives
लोकबंधु अस्पताल की इमरजेंसी में मरीज की मौत के बाद हंगामा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : लोकबंधु अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार रात बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद तीमारदारों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान डॉक्टर और परिवारीजनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसका विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अलीनगर सुनहरा निवासी जगजीवन (65) को शुक्रवार शाम सांस लेने में तकलीफ होने पर इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया था। आरोप है कि मरीज की गंभीर हालत के बावजूद इलाज शुरू करने में देरी हुई। कई बार सूचना देने के बाद भी वरिष्ठ डॉक्टर समय पर नहीं पहुंचे। ऑक्सिजन और दवा देने के बावजूद उनकी हालत बिगड़ती गई और कुछ देर बाद मौत हो गई। मरीज की मौत के बाद परिवारीजन भड़क गए। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद इमरजेंसी मेडिकल अफसर (ईएमओ) से जवाब मांगा और विडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया। बुजुर्ग के बेटे दीपक ने डॉक्टर की लापरवाही से पिता की मौत का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। वहीं अस्पताल प्रशासन ने भी पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।