रिहायशी भवन में चल रहे PG, जिम और स्पा सील

नवभारतटाइम्स.कॉम
gurugram pg gym and spa running in residential buildings sealed major action on high court orders
n NBT न्यूज, गुड़गांव

पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत शनिवार को DLF फेज-4 में बड़े स्तर पर रेस्टोरेशन और सीलिंग अभियान चलाया। DTP एनफोर्समेंट टीम ने पुलिस और जिला प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई की। रिहायशी भवनों में चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों व स्टिल्ट पार्किंग में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की। कार डिटेलिंग सेंटर, पीजी, गेस्ट हाउस, क्लिनिक, जिम, स्पा, डांस स्टूडियो, क्लाउड किचन और कार्यालयों सहित 10 भवनों को सील किया। कई जगहों पर अवैध निर्माण भी हटाया।
शुरुआत फेज -4 के प्लॉट नंबर-1210 से हुई, जहां स्काईलाइन कार डिटेलिंग सेंटर को सील कर साइड सेटबैक में किए अवैध निर्माण तोड़ दिया गया। इसके बाद प्लॉट नंबर-1214 में 18 कमरों वाले अवैध पीजी और प्लॉट नंबर-1217 में ऑनलाइन बुकिंग के जरिए चल रहे 22 कमरों वाले गेस्ट हाउस को सील किया गया। इसी भवन की स्टिल्ट पार्किंग में बने कार्यालय को भी बंद कर दिया। प्लॉट नंबर-4112 में बेसमेंट से तीसरी मंजिल तक संचालित योग केंद्र, क्लीनिक और अस्पताल पर कार्रवाई की गई। वहीं प्लॉट नंबर-4111 में बने 14 कमरों वाले भवन को भी सील कर दिया गया। प्लॉट नंबर-4105 में बेसमेंट स्थित कार्यालय और भूतल पर संचालित जिम को सील किया गया। प्लॉट नंबर-4106 में बेसमेंट में चल रहे क्लाउड किचन पर कार्रवाई की गई। यहां स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध कार्यालय और फैमिली रूम को भवन मालिक ने खुद हटा दिया। वहीं, प्लॉट नंबर-4001 में जिम, क्लीनिक और स्पा व प्लॉट नंबर-4305 में डांस स्टूडियो और क्लीनिक को सील किया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई प्लॉट नंबर-4301 पर हुई जहां डबल बेसमेंट से तीसरी मंजिल तक पूरा भवन क्लीनिक के रूप में संचालित किया जा रहा था। विभाग ने पूरे भवन को सील कर दिया।