लोकतंत्र पर मंथन करेंगे 15 स्टेट असेंबली के अध्यक्ष

नवभारतटाइम्स.कॉम

हरियाणा अगले सप्ताह राष्ट्रीय स्तर के संसदीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इसमें 15 राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष भाग लेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संसदीय लोकतंत्र को और अधिक प्रभावी बनाना है। डिजिटल समन्वय और तकनीक आधारित विधायी सुधारों पर भी चर्चा होगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। यह आयोजन चंडीगढ़ में 8 से 10 जून तक होगा।

लोकतंत्र पर मंथन करेंगे 15 स्टेट असेंबली के अध्यक्ष

NBT न्यूज, चंडीगढ़

संसदीय लोकतंत्र को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सशक्त बनाने पर मंथन के लिए हरियाणा अगले सप्ताह राष्ट्रीय स्तर के एक महत्वपूर्ण संसदीय सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। हरियाणा विधान सभा को पहली बार राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के इंडिया रीजन के नॉर्थ जोन-2 सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र का उत्तर जोन-2 सम्मेलन 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का सबसे बड़ा केंद्र देशभर की विधानसभाओं के बीच डिजिटल समन्वय, साझा संसदीय तंत्र और तकनीक आधारित विधायी सुधारों की दिशा में पहल होगा।

सम्मेलन की अध्यक्षता लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। कार्यक्रम में राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा अन्य विशिष्ट अतिथि भी भाग लेंगे। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवा को भी सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है।

इस सम्मेलन में आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गोवा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित 15 राज्य विधान मंडलों ने सम्मेलन में भाग लेने की पुष्टि की है। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के नेतृत्व में सम्मेलन सोमवार से शुरू होगा।