n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
पटौदी इलाके के लोगों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही पटौदी रोड से गांव पातली तक नई सीमेंट कंक्रीट (CC) सड़क बनाई जाएगी। इस काम पर करीब 82.48 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। सड़क ग्राम विकास योजना के तहत बनाई जाएगी। लंबे समय से इलाके के लोग बेहतर सड़क की मांग कर रहे थे। बरसात के दिनों में लोगों को राहत मिलेगी, जब कच्चे या खराब रास्तों पर चलना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण रोजाना आवागमन में समय ज्यादा लगता है और वाहनों को भी नुकसान पहुंचता है। इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा किसानों को मिलेगा। खेतों से अनाज, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। वहीं स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों का समय भी बचेगा। गांवों में रहने वाले बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।





