n NBT न्यूज, गाजियाबाद
भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार बिजली कटौती और ट्रिपिंग ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विद्युत निगम की ओर से निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे किए जा रहे हैं लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है। पिछले करीब 10 दिनों से शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली जाने और घंटों तक आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। रविवार को कई इलाकों में 3 से 4 घंटे की बिजली कटौती हुई।
33 केवी लाइन में फॉल्ट के चलते बिजली कटौती से निजात नहीं मिल पा रही है। लाल कुआं, भाटिया मोड़, सत्यम एन्क्लेव, शंकर विहार और विजयनगर में 3-4 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली न होने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई क्योंकि अधिकांश घरों में पानी की मोटरें बिजली पर निर्भर हैं। गोविंदपुरम, शास्त्रीनगर, नवयुग मार्केट, जटवाड़ा, मालीवाड़ा, पटेलनगर और लोहियानगर सहित कई इलाकों में भी बार-बार बिजली ट्रिपिंग की शिकायतें मिली हैं। लगातार हो रही कटौती से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। बीते कई दिनों से दिन और रात दोनों समय बिजली ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। कई बार कुछ मिनटों के अंतराल में ही बिजली कई बार आती-जाती रहती है, जिससे घरेलू उपकरणों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। कुछ क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी और 33 केवी लाइन में आए फॉल्ट के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। मरम्मत कार्य होने के बाद भी बिजली सप्लाई में दिक्कत होती रही है। समस्या आने पर तकनीकी फॉल्ट बताकर छोड़ दिया जाता है लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि बारिश और तूफान के बाद कुछ दिक्कतें सामने आई हैं। लाइन और ट्रांसफॉर्मरों में आई खराबी के कारण लोकल फॉल्ट की संख्या कुछ बढ़ गई है। मरम्मत का काम चल रहा है और सभी इलाकों में निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है।





