सिलिंडर से सिर कूंचकर छोटे भाई की हत्या, अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम

जानकीपुरम में एक सनसनीखेज वारदात हुई। नशे का आदी बड़े भाई अभिषेक ने अपने छोटे भाई आर्यन की सिलिंडर से सिर कूंचकर हत्या कर दी। यह घटना तब हुई जब आर्यन अपने माता-पिता को बचाने की कोशिश कर रहा था। हत्या के बाद आरोपी ने शव को सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

drunk elder brother bludgeoned younger brother to death with a cylinder arrested

nNBT न्यूज, जानकीपुरम

जानकीपुरम इलाके के सेक्टर-3 में माता-पिता के साथ मारपीट करने से रोकने पर बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर सिलिंडर से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद छोटे भाई का शव घर से खींचकर सड़क पर फेंक दिया। यह नजारा देखकर मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना के कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया।

जानकीपुरम के सेक्टर-3 में रामानंद मिश्रा रहते हैं। वह पोताई ठेकेदार हैं। उनकी पत्नी मंजू कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हैं। छोटा बेटा आर्यन मिश्रा (21) एक फर्टिलाइजर दुकान पर नौकरी करता था। बड़ा बेटा अभिषेक मिश्रा नशा करने का आदी है। वह कोई काम नहीं करता था। बेटी गौरी मिश्रा नर्सिंग की छात्रा है। पिता रामानंद के अनुसार, अभिषेक नशे की हालत में अक्सर विवाद करता था। रविवार को नशे की हालत में उसने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। वह आरोपित अभिषेक के चंगुल से बचकर किसी तरह छत पर भाग गए थे। इसके बाद रामानंद पत्नी मंजू के साथ कॉस्मेटिक की दुकान का सामान लेने के लिए यहियागंज जा रहे थे।

पिता रामानंद के मुताबिक, आरोपित अभिषेक ने मां मंजू का रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर मां की पिटाई शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपित अभिषेक ने माता-पिता के साथ सड़क पर भी मारपीट की। मोहल्ले के लोगों ने रामानंद और मंजू को बचाया। आरोपित को अलग किया। इसी बीच मौके पर पहुंचे छोटे भाई आर्यन ने आरोपित अभिषेक की इस हरकत का विरोध किया। उसने आरोपित को माता-पिता के साथ मारपीट न करने की हिदायत दी। इसके बाद रामानंद पत्नी मंजू के साथ सामान लेने के लिए निकल गए।

माता-पिता के जाने के बाद भाइयों में शुरू हुई मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि माता-पिता के बाजार जाने के बाद अभिषेक और आर्यन के बीच झगड़ा शुरू हो गया। दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट घर तक ही सीमित नहीं रही। सड़क पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। पड़ोसियों ने दोनों को किसी तरह समझा-बुझाकर अलग किया। मोहल्ले के लोगों ने अभिषेक को घर के अंदर भेज दिया। इसी बीच आर्यन छत के रास्ते फिर से अभिषेक के कमरे में पहुंच गया। चाचा परमानंद मिश्रा के अनुसार, दोपहर 2:11 बजे दोनों के बीच फिर से मारपीट होने लगी।

हत्या के बाद टांग पकड़कर खींचते हुए बाहर लाया

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आरोपित अभिषेक ने भरा सिलिंडर उठाकर छोटे भाई आर्यन के सिर पर कई वार कर दिए। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपित अभिषेक ने उसकी टांग पकड़ी और उसे घसीटते हुए सड़क पर ले गया। वह चिल्ला-चिल्लाकर बोलने लगा कि आर्यन की हत्या कर दी है। चाचा परमानंद और मोहल्ले के लोगों की मदद से आर्यन को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित बड़े भाई अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक के चाचा परमानंद मिश्रा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।