- सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी
NBT न्यूज, फरीदाबाद
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में नगर निगम की तोड़फोड़ कार्रवाई के विरोध में शनिवार शाम माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए सड़क जाम को हटाने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने अचानक पथराव कर दिया, जिससे एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में डबुआ थाने में 200 से 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दर्ज एफआईआर के अनुसार, पुलिस चौकी सैनिक कॉलोनी में तैनात एसपीओ मैनपाल और जय भगवान 4 जून की शाम गश्त पर थे। शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि नेहरू कॉलोनी के पास पावर हाउस के निकट लोगों ने सड़क जाम कर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पहले से चौकी प्रभारी पीएसआई नीरज कुमार और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। मौके पर 200 से 300 लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस द्वारा जाम खुलवाने के प्रयास के दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अंधेरे का फायदा उठाकर पथराव शुरू कर दिया। हमले में एसपीओ मैनपाल और महीपाल घायल हो गए। आरोपियों ने पुलिस को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। थाना डबुआ में 6 जून को दर्ज इस केस की जांच एएसआई विनोद को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





