n NBT न्यूज, हापुड़ : नगर की पॉश कालोनी राजेंद्र नगर की अमरदीप कॉलोनी में पौधरोपण व चाय पर चर्चा कार्यक्रम में सदर विधायक विजयपाल आढ़ती रविवार को व्यापारी सचिन जिंदल के आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर कॉलोनीवासियों व व्यापारियों से चर्चा की और शहर के चहुंमुखी विकास का वादा किया। इस दौरान विधायक ने कॉलोनी में पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। विधायक विजयपाल आढ़ती ने कहा कि हम सभी को कम से कम 5 पेड़ लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को शुद्ध हवा और स्वच्छ वातावरण मिल सके। समिति के महामंत्री सचिन जिंदल सर्राफ ने कहा कि बिगड़ते पर्यावरण से धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है। इससे मानव जीवन, जीव-जंतु व पेड़ पौधों पर बुरा असर पड़ रहा है। शिष्टाचार भेंट के दौरान जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने विधायक को क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों ने बताया कि बारिश के मौसम में राजेंद्र नगर और अमरदीप कॉलोनी में जलभराव की गंभीर समस्या रहती है। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, साफ सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई दिक्कतें हैं।





