n NBT न्यूज, हापुड़
हापुड़ के ठेकेदार के देवते ने अमेरिका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड में दुनिया में 9वीं रैंक हासिल की है। जानकारी के मुताबिक, हापुड़ की शिवपुरी कॉलोनी निवासी व ठेकेदार श्रीओम सिंघल की बेटी प्रियम सिंघल अमेरिका में रहती हैं। उनके बेटे अयान (8) अमेरिका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड में दुनिया में 9वीं रैंक हासिल कर देश व परिवार का नाम रोशन किया। अयान के नाना श्रीओम सिंघल ने बताया कि अयान बचपन से ही पढ़ाई में होशियार है और गणित उसका पसंदीदा विषय है।
गणित के साथ-साथ अयान की लेखन में भी गहरी रुचि है। महज 8 साल की उम्र में अयान की दो अंग्रेजी पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं। पहली पुस्तक का नाम The Bottom of the Tree और दूसरी पुस्तक का नाम The Jupiter है। अयान की मां प्रियंम सिंघल ने बताया कि बेटे की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार को गर्व है। उन्होंने कहा कि अयान रोजाना कई घंटे गणित का अभ्यास करता है और नए सवाल हल करना उसे बहुत पसंद है।





