nNBT न्यूज, फरीदाबाद
एनआईटी-3 स्थित नेहरू कॉलोनी में चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई के खिलाफ रविवार को विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के नेताओं का जमावड़ा लगा। नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को उजाड़ने से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। वहीं पुलिस ने इलाके में टेंट लगाने की अनुमति नहीं दी और धारा 163 लागू होने के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। रविवार सुबह कांग्रेस के पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना, नेता विजय प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक, रोहताश चौधरी, अनिल शर्मा, रिंकू चंदीला, सुमित गौड़, जनजायक जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, दीपक चौधरी, बीएसपी, भीम आर्मी, चंद्रशेखर रावण व सामाजिक संगठन के पदाधिकारी नेहरू कॉलोनी पहुंचे। भीषण गर्मी के बीच मंच और टेंट की व्यवस्था नहीं होने से नेताओं ने कीकर के पेड़ के नीचे खड़े होकर लोगों को संबोधित किया। इस दौरान सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए नेताओं ने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए लोगों के घर तोड़ना अन्याय है।





