nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : तेलीबाग स्थित राम भरोसे मैकूलाल हायर सेकेंडरी स्कूल की भूमि और वित्तीय लेन-देन में करोड़ों रुपये की अनियमितताओं का मामला सामने आया है। संस्था के सदस्यों की शिकायत पर मानवाधिकार आयोग के आदेश के बाद पीजीआई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता रामकुमार सिंह और दिवाकर साहू के अनुसार उपनिबंधक फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स की जांच में गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक गड़बड़ियां मिली हैं। आरोप है कि प्रबंधक श्रीकांत साहू को कई नोटिस दिए गए, लेकिन उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया। शिकायत में कहा गया है कि शिक्षा और कृषि प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध कराई गई करीब 21.125 एकड़ भूमि समेत 30 से 32 एकड़ सार्वजनिक न्यास संपत्ति का व्यावसायिक उपयोग किया गया। शर्तों का उल्लंघन करते हुए परिसर में दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और विज्ञापन टावर संचालित किए गए। आरोप यह भी है कि प्रबंधक ने परिवार के सदस्यों के नाम से दूसरी संस्था बनाकर मूल संस्था की भूमि और संसाधनों का उपयोग कराया। एक करोड़ रुपये के पट्टा अनुबंध में से 80 लाख रुपये दूसरी संस्था के खातों में जमा किए गए। इसके अलावा 1.05 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान बिना वैध अभिलेखों के किए जाने और 34.05 लाख रुपये की निकासी का भी आरोप है।





