NBT न्यूज, सेक्टर-21
सूर्य विहार सोसायटी के निवासी करीब दो महीने से जल संकट से जूझ रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि इलाके में पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं हो रही। लोगों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेटर लिख सुविधा ठीक कराने की मांग की है। कहा कि सोसायटी के करीब 600 परिवार गर्मी के बीच पानी की गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। निवासियों के अनुसार, पर्याप्त जलापूर्ति को लेकर पहले न्यायालय की ओर से भी निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। लोगों का आरोप है कि नियमित रूप से पानी का बिल चुकाने के बावजूद उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा, जबकि कई स्थानों पर बिना मीटर के पानी की बर्बादी जारी है। सोसायटी के लोगों ने सोशल मीडिया पर भी मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो रहा। RWA प्रधान राजेश गेरा ने कहा कि दो महीने से परेशानी बनी हुई है। कहा कि कई बार विभाग को शिकायत दी लेकिन समाधान नहीं हुआ।
इधर, मामले को लेकर वॉर्ड दो की निगम पार्षद ज्योत्सना यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में आया हैं, यह समस्या पिछले 8-9 साल से है। इसको लेकर नगर निगम से पाइपलाइन डलवा दी गई थी| लेकर पानी की सप्लाई को GMDA ने कम कर दिया हैं ओर पानी की खपत इस वर्ष पिछले वर्ष से ज्यादा हैं| जल्द अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा कर व अधिकारीयों के संज्ञान में लाकर लोगों को राहत दिलवाने का काम करवाया जाएगा|





