टास्क के नाम पर 16 लाख रुपये की ठगी में दो अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में टास्क के बहाने 16 लाख रुपये की ठगी हुई है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला को वीब्रो प्लेटफॉर्म पर होटल रेटिंग का लालच देकर ठगा। महिला से धीरे-धीरे कुल 16 लाख 34 हजार 521 रुपये जमा कराए गए।

16 lakhs cheated in the name of task faridabad police nabs two cyber thugs from punjab

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने सोशल मीडिया पर टास्क के नाम पर 16 लाख 34 हजार 521 रुपये की साइबर ठगी के मामले में दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान भूपिन्द्र सिंह निवासी गांव कोट भगतू, जिला बठिंडा पंजाब व अर्जन सिंह निवासी टीका नंगला नई बस्ती हाथरस उत्तर प्रदेश हाल निवासी अर्जुन नगर, बठिंडा पंजाब के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि 21 जून को टेलिग्राम के माध्यम से कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया। ठगों ने उसे वीब्रो नामक प्लेटफॉर्म पर होटलों की रेटिंग कर प्रतिदिन 5-6 हजार रुपये कमाने का लालच दिया। इसके बाद उसे एक लिंक भेजकर पंजीकरण कराया गया और बोनस के रूप में 10 हजार रुपये दिखाए गए। बाद में उसको ‘पेड टास्क’ करने के लिए कहा गया और टास्क के नाम पर उससे विभिन्न खातों में पैसे जमा करवाए गए। जब उसने अपनी राशि निकालने की कोशिश की, तो उससे और पैसे जमा कराने की मांग की गई। ठगों ने झांसे में लेकर उससे कुल 16 लाख 34 हजार 521 रुपये की ठगी कर ली। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अर्जन सिंह ने अपनी पत्नी का बैंक खाता भूपिंद्र सिंह को उपलब्ध कराया था। उस खाते में ठगी के 2 लाख 94 हजार रुपये आये थे, जिनको अर्जुन ने खाते से निकालकर भूपिंद्र को दिए थे। वहीं भूपिंद्र ने भी अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी के एक लाख 9 हजार रुपये आए थे।