MP में हथियार बना NCR में करते थे सप्लाई, गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव क्राइम ब्रांच ने एनसीआर में हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह को पकड़ा है। मध्य प्रदेश के धार जिले में चल रही अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भी भंडाफोड़ किया गया। पुलिस ने तीन अवैध पिस्टल और एक मैगजीन सहित अन्य सामान बरामद किया है।

MP में हथियार बना NCR में करते थे सप्लाई, गिरफ्तार

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 टीम ने NCR में हथियार सप्लाई करने के आरोपियों को पकड़ा है। मध्य प्रदेश के धार जिले में चल रही अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भी भंडाफोड़ किया। पुलिस ने 3 अवैध पिस्टल और 1 मैगजीन सहित अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने नेटवर्क के मुख्य सरगना, मध्यस्थता करने वाले आरोपी और खरीदार सहित पूरे सिंडिकेट को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार 29 मई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 की टीम ने सेक्टर-15 के 32 माइलस्टोन सर्विस रोड के पास से एक युवक को पकड़ा था। पहचान योगेश निवासी गढाईपुर के रूप में हुई। उसके पास तीन देसी पिस्टल बरामद हुई। योगेश से पूछताछ के बाद टीम ने 9 जून को मध्य प्रदेश के धार जिले में छापेमारी की। वहां से हथियारों की सप्लाई के आरोपी जसबीर निवासी मैनपुरी और हथियार बनाने वाले मुख्य आरोपी जगत सिंह निवासी सिंघाना, धार को अरेस्ट किया। 10 जून को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जसबीर को जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी जगत सिंह को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।

अलग-अलग राज्यों में करता था सप्लाई : पुलिस के अनुसार आरोपी जगत सिंह ने खुलासा किया कि वह धार में अवैध हथियार बनाता था। एक देसी कट्टा और पिस्टल 15 से 20 हजार रुपये में सप्लायर को बेचता था। आरोपी योगेश तक पहुंचने वाली पिस्टल उसने आरोपी जसबीर को करीब 60 हजार रुपये में बेची थीं। आरोपी जगत सिंह पिछले 30 साल से अवैध हथियार बना रहा है। अलग-अलग राज्यों के बदमाशों को डिमांड पर हथियार सप्लाई करता था। आरोपी के खिलाफ पहले से ही हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात में 13 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।