nNBT न्यूज, फरीदाबाद
दिल्ली की डॉ़ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 11वीं हरियाणा शूटिंग चैंपियनशिप दो से 12 जून तक आयोजित हुई। इसमें शहर के शूटर देव बंधु ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दो इवेंट में 300 में से 283 अंक प्राप्त कर नैशनल चैंपियनशिप के लिए जगह बनाई है। कम समय में बेहतर प्रदर्शन करने पर देव बंधु का स्वागत किया गया। देव ने बताया कि अपने बड़े भाई गोल्ड मेडलिस्ट व पिता की प्रेरणा से यह उपलब्धि हासिल की है। भाई भी शूटर हैं, लेकिन वह चंडीगढ़ में हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। देव ने पिछले दिनों इसी शूटिंग रेंज में हुई पांचवीं हरियाणा प्री स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में 300 में से 268 अंक प्राप्त कर हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप के लिए जगह बनाई थी। पिछली चैंपियनशिप की तुलना में इस बार देव बंधु ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल यूथ मेन इंडिविजुअल तथा 25 मीटर पिस्टल जूनियन मेन इंडिविजुअल इवेंट में 300 में 283 अंक प्राप्त किए। यह उपलब्धि उनके लिए खास है, क्योंकि कम समय में उन्होंने प्री-नैशनल स्तर के लिए क्वालीफाई करने का गौरव प्राप्त किया है। उनके पिता बीएस चौधरी ने बताया कि विशेष उपलब्धि यह रही कि देव ने कुछ दिनों के अभ्यास और अथक प्रयास से ही उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।


