nNBT न्यूज, लखनऊ: अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय (एबीवीएमयू) के तहत हुए कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट (सीनेट-2026) के नतीजे शनिवार को घोषित किए गए। बीएससी नर्सिंग में गौतमबुद्ध नगर की अंजिली ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि पोस्ट बीएससी नर्सिंग में लखनऊ की आंचल वर्मा ने शीर्ष स्थान हासिल किया। परिणाम जारी होने के साथ ही ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीकरण शुरू : एमएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में वाराणसी के पाटिल सुधा प्रदीप ने पहला, प्रयागराज के आशीष कुमार ने दूसरा और सहारनपुर की अर्पुवा चौधरी ने तीसरा स्थान हासिल किया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अमित देव ने बताया कि परिणाम जारी होने के साथ ही ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। सफल अभ्यर्थी अपनी पसंद के कॉलेजों का विकल्प भर सकते हैं। इसके बाद मेरिट के आधार पर सीटों का आवंटन किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में नर्सिंग शिक्षा के लिए हुई यह सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है। बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों की करीब 14,500 सीटों पर प्रवेश इसी परीक्षा से होंगे।


