n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
सेहत बनाने की चाहत और जिम में पसीना बहाने का जूनून अब युवाओं की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख गांव में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां महज 20 साल के युवक शरद कुमार की जिम में वर्कआउट करने के कुछ देर बाद मौत हो गई। मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले शरद, गौड़ सिटी मॉल के एक सैलून में मैनेजर थे और परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।
सुबह 11:30 बजे की घटना
चश्मदीदों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे जिम से एक्सरसाइज कर बाहर निकलते ही शरद अचानक लड़खड़ाए और पास के नाले की दीवार पर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है, हालांकि असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. गुप्ता के अनुसार, 18 से 30 वर्ष के युवाओं में दिल के दौरे के मामले तेजी से बढ़े हैं, जिसकी मुख्य वजह खराब लाइफस्टाइल और अनियंत्रित तनाव है।


