n NBT न्यूज, मोदीनगर : कृष्णानगर कॉलोनी में एक व्यापारी को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह 21 दिन तक बेहोश रहा। अस्पताल में इलाज के उपरांत हालात में सुधार आने पर शनिवार को घायल की पत्नी ने तीन आरोपियों के खिलाफ शनिवार को कोतवाली में तहरीर दी है। मुजफ्फरनगर निवासी राजेश कुमार मोदीनगर कोतवाली की कृष्णानगर कॉलोनी में पत्नी रीना के साथ किराये के मकान में रहते हैं। राजेश की कॉलोनी में ही जनरल स्टोर की दुकान है। 25 मई को राजेश सुबह लगभग पांच बजे दुकान पर जा रहे थे। रास्ते में उसे तीन आरोपियों ने घेर लिया और ईंट एवं डंडों से बेरहमी से मारपीट कर बेहोश कर दिया। राजेश को बेहोशी की हालत में रेफर किया गया। पत्नी ने बताया कि राजेश का तभी से मुजफ्फरनगर के अस्पताल में इलाज चल रहा था। दो दिन पहले होश में आने पर राजेश ने पत्नी को आपबीती बताईं। शनिवार को राजेश एवं उनकी पत्नी कोतवाली मोदीनगर में पहुंचे और पुलिस को तहरीर देते हुए फफराना बस्ती निवासी तीन युवकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि तहरीर के आधार जांच की जा रही है।


