Yashlok.Singh
@timesofindia.com
n गुड़गांव: मेट्रो के सेकेंड फेज के लिए GMRL (गुड़गांव मेट्रो रेल लिमिटेड) को बड़ी सफलता मिली है। प्रॉजेक्ट के लिए तैयार किए गए विस्तृत टेंडर दस्तावेज और ड्रॉफ्ट को वर्ल्ड बैंक ने मंजूरी दे दी है। इससे 1400 करोड़ रुपये के लोन के जल्द मिलने की उम्मीद जगी है। इसके साथ ही मेट्रो विस्तार से संबंधित कार्य का रास्ता साफ हो गया है। संभावना है कि GMRL अगले सप्ताह तक सेकंड फेज को लेकर टेंडर जारी कर सकता है। इस प्रॉजेक्ट के तहत सेक्टर-9 से साइबर सिटी तक 14 स्टेशन बनाए जाएंगे।
GMRL के अनुसार, सेकंड फेज के कार्यों के लिए विस्तृत टेंडर दस्तावेज और ड्राफ्ट वर्ल्ड बैंक को भेजा गया था। वर्ल्ड बैंक ने दस्तावेजों की समीक्षा के बाद प्रस्ताव पर सहमति जता दी है। अब टेंडर जारी करने से पहले दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि कोई तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि न रहे। वर्ल्ड बैंक की मंजूरी के बाद प्रॉजेक्ट के लिए वित्तीय व्यवस्था का रास्ता भी काफी हद तक साफ हो गया है। यदि अंतिम स्तर पर कोई बड़ी आपत्ति सामने नहीं आती है तो अगले सप्ताह टेंडर फ्लोट किए जा सकते हैं। इससे निर्माण गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
वर्ल्ड बैंक इसलिए दिखा रहा दिलचस्पी: वर्ल्ड बैंक ऐसे प्रॉजेक्ट्स को प्राथमिकता देता है जो ट्रैफिक दबाव कम करने, बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने और शहरों के सतत विकास (सस्टनेबल डिवेलपमेंट) में योगदान देते हैं। इसी वजह से मेट्रो के दूसरे चरण को वित्तीय सहायता के लिए उपयुक्त माना गया है।


