कैंटर से टकराई कार परिवार के 4 की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम

नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बाघोला गांव के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े केले से भरे कैंटर से जा टकराई। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की दुखद मौत हो गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

horrific road accident on delhi mumbai expressway car collides with canter 4 family members die tragic deaths

n NBT न्यूज, नूंह

फिरोजपुर झिरका थाना एरिया में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव बाघोला के पास शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब जयपुर से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार हुंडई अल्काजार कार सड़क किनारे खड़े केले से भरे आयशर कैंटर से पीछे से टकरा गई। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में कार में सवार पूनम जादौन (37), उनकी दो बेटियां खुशी (16) और डुग्गी (12) व केशव (26) शामिल हैं। वहीं, 55 वर्षीय जवाहर लाल और 4 साल का बच्चा अक्षय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कार सवार सभी लोग नावली गांव, सवाई माधोपुर, राजस्थान के रहने वाले थे। सभी लोग कार से अपने गांव से दिल्ली के लिए निकले थे। घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज से जयपुर के लिए रेफर कर दिया गया है।

सड़क के किनारे अवैध रूप से खड़ा था कैंटर

आयशर कैंटर सुबह करीब 6:24 बजे एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 40 के पास अवैध रूप से सड़क के किनारे खड़ा हुआ था। सुबह 6:35 बजे तेज रफ्तार में आ रही कार उसके पिछले हिस्से से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों और शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला।