DLF में अवैध निर्माण पर फिर चलेगा पीला पंजा

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के डीएलएफ में अवैध निर्माण पर अब बड़ा एक्शन होगा। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग अगले हफ्ते से डीएलएफ फेज-3 में तोड़फोड़ अभियान शुरू करेगा। इसके बाद अन्य फेज में भी कार्रवाई होगी। कोर्ट के आदेश के बाद यह कदम उठाया जा रहा है। अवैध निर्माण, स्टिल्ट पार्किंग में बदलाव, और व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्ती बरती जाएगी।

yellow claw to run on illegal construction in dlf large scale demolition campaign to start after court order

n NBT न्यूज, गुड़गांव

डीएलएफ के रिहायशी इलाकों में अवैध निर्माण और घरों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर एक बार फिर बड़ा एक्शन होने जा रहा है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने अगले हफ्ते से डीएलएफ फेज-3 में विशेष तोड़फोड़ अभियान चलाने का फैसला लिया है। इसके बाद फेज-1, 2, 4 और 5 में भी क्रमवार कार्रवाई की जाएगी। अभियान की अगुवाई डीटीपीई अमित माधोलिया करेंगे।

यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के 29 मई 2026 के आदेश के बाद की जा रही है। कोर्ट ने पहले दी गई राहत को केवल उन्हीं लोगों तक सीमित रखा है जिन्होंने खुद को मामले में पक्षकार बनाया है। ऐसे में जिन संपत्तियों के पास अब कोई कानूनी राहत नहीं है उनके खिलाफ विभाग कार्रवाई शुरू करेगा। विभाग के अनुसार डीएलएफ के पांचों फेज में 3500 से ज्यादा संपत्तियां ऐसी हैं जिन पर कोर्ट की रोक हट चुकी है। वहीं, विभाग अब तक 5099 मकान मालिकों को नोटिस जारी कर चुका है। अभियान की शुरुआत डीएलएफ फेज-3 से होगी। कार्रवाई के दौरान विभाग केवल अवैध निर्माण नहीं हटाएगा, बल्कि कई अन्य नियम उल्लंघनों पर भी सख्ती करेगा। इसमें स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण और मंजूर नक्शे से अलग बनाए गए हिस्से तोड़े जाएंगे। विभाग घरों में चल रहे अवैध पीजी, गेस्ट हाउस और दूसरे व्यावसायिक काम को भी सील करेगा और सड़कों और राइट ऑफ वे पर किए गए कब्जे हटाए जाएंगे। डीटीपीई ने कहा कि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की सिफारिश या आग्रह नहीं माना जाएगा। यदि कोई सरकारी कार्रवाई में बाधा डालता है तो उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।