Relief From Traffic Jams At Shankar Chowk Separate Lanes Started For Vehicles
अब शंकर चौक पर अलग-अलग लेन में चलेंगे वाहन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, शंकर चौक
दिल्ली–जयपुर हाइवे पर शंकर चौक में लंबे इंतजार के बाद ट्रैफिक मैनेजमेंट का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। चौक पर चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों को अलग-अलग लेन में चलाया जाएगा। साइबर हब के लिए नया यू-टर्न भी खोला गया है। यह ट्रायल एक सप्ताह तक चलेगा और सफल रहने पर स्थायी रूप से लागू किया जाएगा।शंकर चौक को शहर का बड़ा ब्लैक स्पॉट माना जाता है। सुबह-शाम यहां जाम की स्थिति बनी रहती है और सालभर दुर्घटनाएं भी अपेक्षाकृत अधिक होती हैं। कॉरपोरेट हब और औद्योगिक क्षेत्र की आवाजाही इसी मार्ग से होने के कारण कई बार शाम के समय ट्रैफिक 2 घंटे तक रेंगता रहता है।
शंकर चौक से पहले सरहौल टोल पर अलग-अलग लेन में ट्रैफिक चलाने का प्लान पहले ही लागू किया जा चुका है। वहां दिल्ली की ओर से आने वाले ट्रैफिक को 4 लेन में हिस्सों में बांटकर चलाया जा रहा है। अब उसी तर्ज पर शंकर चौक पर यह व्यवस्था ट्रायल के तौर पर शुरू की गई है। नई व्यवस्था के तहत इफको चौक और हाइवे के एग्जिट 18 से आने वाले ट्रैफिक को शुरुआत से ही अलग लेन में चलाया जाएगा।
उद्योग विहार की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सर्विस लेन से अलग निर्धारित लेन बनाई गई है। साइबर हब से आने वाला ट्रैफिक भी अलग लेन में चलेगा। पहले साइबर हब की ओर यू-टर्न के लिए एक कट खुला था, अब एक अतिरिक्त कट भी खोला गया है। 500 मीटर आगे सरहौल टोल तक अलग-अलग लेन में चलेगा। उद्योग विहार फेज 3 की ओर से आने वाले ट्रैफिक के लिए बाईं ओर अलग से लेन निर्धारित की गई है।