बदरपुर बॉर्डर टोल पर बढ़ी परेशानी, NHAI ने ऑपरेटर को दी चेतावनी

नवभारतटाइम्स.कॉम
technical glitch at badarpur border toll nhai warns operator
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : दिल्ली-फरीदाबाद के बीच सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल बदरपुर बॉर्डर टोल प्लाजा पर तकनीकी खामियों के कारण वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। टोल पर सिस्टम के बार-बार स्लो होने और बूम बैरियर के ठीक से सेंसर नहीं करने की समस्या से वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। इस मामले में एनएचएआई के प्रॉजेक्ट हेड धीरज कुमार ने कहा कि टोल प्लाजा पर आ रही तकनीकी खामियों को जल्द दूर करना ऑपरेटर की जिम्मेदारी है। अगर निर्धारित समय में समाधान नहीं किया गया तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा पर निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना आवश्यक है। तकनीकी सिस्टम, सेंसर और बूम बैरियर पूरी क्षमता से कार्य करें, इसके लिए ऑपरेटर को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।

वाहन चालकों का कहना है कि टोल पर तैनात कर्मचारी अक्सर तकनीकी दिक्कतों से जूझते दिखाई देते हैं। कई बार कर्मचारियों को हैंड मशीन लेकर एक से दूसरी लेन तक दौड़ते देखा जाता है, ताकि मैन्युअल तरीके से टोल प्रक्रिया पूरी की जा सके। इस दौरान बूम बैरियर समय पर नहीं खुलता, जिससे पीछे वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है।

रेकमेंडेड खबरें