n NBT रिपोर्ट, सोहना रोड
ट्रैफिक पुलिस यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में जिलेभर में मई माह के दौरान विशेष अभियान चलाकर स्कूटी और बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 1,026 वाहन चालकों के चालान किए गए।
ट्रैफिक पुलिस टीमों ने इस कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 10 लाख 26 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। सिविल लाइंस एरिया में एक बाइक सवार को ट्रिपल राइडिंग करते पकड़ा गया। तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। इस पर बाइक का चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है। एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव ने बताया कि नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।




