वेतन नहीं दिए जाने से नाराज़ 266 स्वास्थ्यकर्मियों ने काम किया ठप

नवभारतटाइम्स.कॉम

सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में वेतन न मिलने से नाराज़ 266 स्वास्थ्यकर्मियों ने काम बंद कर दिया। इससे अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई और मरीजों को परेशानी हुई। कर्मचारियों ने इमरजेंसी सेवाएं जारी रखीं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि गुरुवार तक वेतन जारी नहीं हुआ तो शुक्रवार से पूरी तरह काम बंद कर दिया जाएगा।

266 health workers strike due to non payment of salaries patients face problems

n NBT न्यूज, सेक्टर-10

शहर के सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में बुधवार को हरियाणा कौशल रोजगार योजना (HKRN) के तहत कार्यरत 266 कर्मचारियों के काम बंद करने से अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई। वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने सुबह विरोध स्वरूप काम रोक दिया, जिससे अस्पताल की कई सेवाओं पर असर पड़ा और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।

कई ओपीडी में भी संचालन प्रभावित रहा। हालांकि कर्मचारियों ने मरीजों को राहत देने के लिए इमरजेंसी सेवाएं जारी रखीं। संघ ने आज भी सैलरी नहीं आने पर शुक्रवार से पूरी तरह काम बंद करने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से वेतन समय पर नहीं मिल रहा है जबकि नियमानुसार हर महीने की 7 तारीख तक वेतन जारी हो जाना चाहिए। पिछले कई महीने से लगातार देरी हो रही है। कुछ कर्मचारियों का तो 5 से 6 महीने तक का वेतन नहीं आने का आरोप है। कर्मचारियों का कहना है कि हर बार विरोध के बाद ही वेतन जारी किया जाता है जिससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है। अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के नेतृत्व में सुबह करीब 8 बजे कर्मचारियों ने काम बंद किया। बाद में अधिकारियों की ओर से दोपहर 12 बजे तक वेतन जारी होने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद कर्मचारी काम पर लौटे, लेकिन तय समय तक वेतन नहीं आने पर कर्मचारियों ने 12 बजे से दोबारा काम छोड़कर धरना शुरू कर दिया। संघ से जुड़े प्रदीप कुमार ने बताया कि यदि गुरुवार तक वेतन जारी नहीं हुआ तो कर्मचारी पूरी तरह काम बंद कर देंगे।