n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
आगामी चुनावों को देखते हुए गुड़गांव ग्रामीण कांग्रेस ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को बादशाहपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से बाहर न रहे और किसी वैध मतदाता का नाम न कटे।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव ने की। जिला SIR कोऑर्डिनेटर विजेंद्र रंगा ने कार्यकर्ताओं को SIR की प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी। बैठक में बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची का वेरीफिकेशन करेंगे और नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करेंगे। बैठक में मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन और हेल्पडेस्क शुरू करने का भी निर्णय लिया गया।
पार्टी नेताओं के अनुसार, जल्द ही हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा, जहां नए वोट बनवाने, नाम में संशोधन, पता परिवर्तन और अन्य संबंधित समस्याओं के समाधान में सहायता दी जाएगी। साथ ही, बादशाहपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय को अभियान का केंद्रीय सहायता केंद्र बनाया जाएगा, जहां मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी और सलाह उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, सतबीर पहलवान, योगेश यादव, मुकेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




