n मोहन सिंह, पलवल : जिला में अपराध का स्तर कम हुआ है। पिछले दो माह में कोई बड़ी अपराधिक घटना नहीं हुई है। एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा है कि पुलिस अपराधियों को उन्हीं की भाषा में जबाव देने के लिए एनकाउंटर जारी रखेगी। बीते साल अप्रैल और मई में हुए अपराधों की तुलना में इस बार अपराधिक घटनाएं कम हुई हैं। महिलाओं पर होने वाले अपराधों में 58.3 प्रतिशत की कमी आई है। इनमें अपहरण, रेप के मामले भी शामिल हैं। चोरी और डकैती के मामलों में 19 प्रतिशत की गिरावट आई है। बीते साल दो महीनों में 216 केस दर्ज हुए जबकि इस बार 175 केस दर्ज किए गए हैं।नाकाबंदी और चेकिंग के चलते वाहन चोरी में 18.9 प्रतिशत की कमी आई है। चेन स्नैचिंग और जेब तराशी में 70 पर्सेंट की कमी हुई है। घरों में होने वाली चोरी में 36.4 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है।
एसपी अग्रवाल के मुताबिक जबरन वसूली व ब्लैकमेलिंग और फिरौती के मामलों में शत-प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इसी प्रकार गैर इरादतन हत्या का भी कोई केस दर्ज नहीं हुआ है। रंजिश और मारपीट के गंभीर मामलों में 11.1 पर्सेंट और साधारण मारपीट में 9.1 प्रतिशत की कमी आई है। अपहरण के मामलों में 42.9 पर्सेट कमी दर्ज की गई है। आर्थिक धोखाधड़ी और जालसाजी करने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान के कारण धोखाधडी में 25.8, जालसाजी व कपट में 71.4 तथा अमानत में खयानत के मामलों में 33.3प्रतिशत की कमी आई है।




