n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-56
आर्थिक अपराध शाखा-1 की टीम ने फ्लैट दिलाने के नाम पर की गई करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को अरेस्ट किया है। आरोप है कि ‘ सुनहरा अपना घर ’ सोसायटी के नाम पर लोगों से रकम ली गई। सोसायटी में कुल 94 फ्लैट थे, लेकिन आरोपियों ने 242 लोगों से पैसे ले लिए। तय समय में न तो फ्लैट दिए गए और न ही रकम वापस की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी कई बार विदेश भी भाग चुका है। आरोपी के खिलाफ साल 2025 में लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। फिलहाल पुलिस उसे रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
2017 में महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
पुलिस के मुताबिक, 3 अप्रैल 2017 को एक महिला ने थाना सेक्टर-56 में इस मामले में शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया था कि 2006-07 के दौरान ईशपाल भारद्वाज ने सेक्टर-55 स्थित ‘सुनहरा अपना घर’ सोसायटी में फ्लैट दिलाने के नाम पर 2008 से 2013 के बीच किश्तों में 37 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। वर्ष 2013 में सोसायटी का निर्माण कार्य बंद हो गया। इसके बाद कई साल बीतने पर भी न फ्लैट मिला और न ही रकम वापस की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना सेक्टर-56 ने आरोपी को नामजद करते हुए केस दर्ज किया था। बाद में इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा-1 को सौंप दी गई थी।
दिल्ली से दबोचा, पहले भी विदेश भाग चुका है आरोपी
जांच के बाद आर्थिक अपराध शाखा-1 की टीम ने दिल्ली के मोहन गार्डन निवासी 33 वर्षीय अनुभव को अरेस्ट किया। वह मुख्य आरोपी ईशपाल भारद्वाज का बेटा बताया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर पहले ही जारी किया जा चुका था। वह इससे पहले भी विदेश भाग चुका है।
200 से अधिक लोगों से ठगी का आरोप
जांच में यह भी सामने आया कि फ्लैट दिलाने के नाम पर 200 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये लिए गए थे। पुलिस के मुताबिक, सोसायटी के अलावा अन्य कंपनियों के नाम पर भी फर्जी एग्रीमेंट किए गए और रकम अलग-अलग बैंक अकाउंट में जमा करवाई गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार ने बताया कि इस मामले में पहले ही ईशपाल भारद्वाज, अमित कुमार, प्रदीप कुमार, संदीप और जंगबीर को अरेस्ट किया जा चुका है। अब अनुभव को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।




