n NBT न्यूज, फरीदाबाद
ओल्ड फरीदाबाद की न्यू बसेलवा कॉलोनी में एक कबाड़ कारोबारी पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में कारोबारी की गर्दन पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में 45 साल के इरफान ने बताया कि वह पुराना लोहा-कबाड़ का काम करते हैं और 8 जून की सुबह करीब 8 बजे अपने गोदाम, गुड़गांव नहर के पास किसान मजदूर कॉलोनी में मौजूद थे। इसी दौरान उसका परिचित इरफान, जो पहले वहीं रहता था और अब नहरपार क्षेत्र में शिफ्ट हो चुका है, वहां आकर उसे गालियां देने लगा। पीड़ित के मुताबिक, जब उसने विरोध किया और उसे वहां से जाने के लिए कहा तो आरोपी वहां से चला गया। लेकिन कुछ देर बाद वह पीछे से आया और अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने उसके बाल पकड़कर तेजधार हथियार से गर्दन पर वार कर दिया। खून निकलते देख पीड़ित ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल को सेक्टर-19 स्थित सर्वोदय अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, पीड़ित की गर्दन पर गहरा जख्म है। पुलिस ने बताया कि शुरू में घायल की हालत बयान देने लायक नहीं थी, लेकिन अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसका बयान दर्ज किया गया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।




