n NBT न्यूज, मोदीनगर : गांव सीकरी खुर्द में बुधवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किसान दंपती गंभीर झुलस गया, जबकि बुग्गी में बंधे पशु की मौत हो गई। मामले में ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता से शिकायत कर दंपती को मुआवजा दिलाने की मांग की गई है। गांव सीकरी खुर्द निवासी कर्मवीर किसान हैं। बुधवार सुबह वह पत्नी बाला के साथ खेतों से बुग्गी में चारा लादकर लौट रहे थे। चकराेड पर हाइटेंशन लाइन का तार टूटा हुआ था, जिसमें करंट आ रहा था। बुग्गी तार के संपर्क में आ गई। इससे कर्मवीर और बाला को तेज झटका लगा और वह खेत में गिर पड़े, लेकिन बुग्गी से बंधे होने के चलते भैंसे की मौत हो गई।




