NBT रिपोर्ट, मुंबई: सरकार द्वारा विदेशी निवेशकों (FPI) को टैक्स में बड़ी राहत देने के बाद देश के सरकारी बॉण्ड की मांग बढ़ गई है। पिछले चार दिनों के भीतर ही विदेशी निवेशकों ने 11,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है। इससे 10 साल वाले बेंचमार्क बॉण्ड की यील्ड (रिटर्न की दर) 0.10 प्रतिशत घटकर 6.911% पर आ गई है। यह 3 जून को 7.024 प्रतिशत पर थी।
मनी मार्केट के जानकारों का कहना है कि पिछले चार दिनों में विदेशी निवेशक ों ने फुल्ली एक्सेसिबल रूट (FAR) के जरिए इन बॉण्ड में 11,026.331 करोड़ रुपये का निवेश किया है। FAR एक ऐसा रास्ता है जिसमें विदेशी निवेशक बिना किसी तय सीमा के चुनिंदा सरकारी बॉण्ड में पैसा लगा सकते हैं।
विदेशी निवेशकों का यह निवेश तब शुरू हुआ जब सरकार ने 5 जून को इनकम टैक्स एक्ट में बदलाव के लिए एक अध्यादेश जारी किया। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) को सरकारी बॉण्ड की बिक्री या ट्रांसफर से होने वाले ब्याज और मुनाफे (कैपिटल गेन्स) पर टैक्स की छूट दी गई है। यह छूट 1 अप्रैल 2025 से पिछली तारीख से लागू मानी जाएगी।




