कार दिलाने के बहाने लाखों की ठगी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में कार दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी हुई है। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपी सेल्स एग्जिक्युटिव ने पीड़ित से 4.21 लाख रुपये लिए थे। पैसे लेने के बाद भी कार नहीं दी गई और न ही पैसे वापस मिले। आरोपी ने पीड़ित को धमकी भी दी।

millions defrauded in the name of getting a car case registered on courts order

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

कार दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुढ़ैना गांव निवासी अमरदीप ने बताया कि वह एक कार खरीदना चाहता था। इसी सिलसिले में 23 अप्रैल 2025 को वह सेक्टर-27ए स्थित कार एजेंसी के कार्यालय पहुंचा। यहां उसकी मुलाकात कंपनी के सेल्स एग्जिक्युटिव राकेश सिंह तंवर से कराई गई। आरोप है कि आरोपी ने कार की कीमत करीब 12.39 लाख रुपये बताई और बैंक लोन के साथ बाकी रकम डाउन पेमेंट व अन्य खर्च के रूप में देने को कहा। पीड़ित का आरोप है कि उसने भरोसा कर अलग-अलग तारीखों में कुल 4.21 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद न तो उसे कार दी गई और न ही संतोषजनक जवाब मिला। बार-बार चक्कर लगाने के बाद आरोपी ने केवल 65 हजार रुपये वापस किए और बाकी रकम जल्द लौटाने का आश्वासन दिया। पीड़ित के अनुसार, जब उसने शेष राशि मांगी तो कंपनी ने आरोपी को नौकरी से निकालने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। वहीं आरोपी राकेश तंवर ने भी पैसे कंपनी में जमा होने की बात कहते हुए पीड़ित को धमकी दी। इस मामले में पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए सेक्टर-31 थाना पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए।