n NBT न्यूज, नूंह : पिनगवां कस्बे में बुधवार सुबह एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना डायल 112 और दमकल विभाग को दी गई। आरोप है कि दमकल की गाड़ियां देरी से पहुंचीं, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दुकान संचालक अंकित गर्ग ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे। दुकान का शटर खोलने पर अंदर आग की लपटें उठती दिखाई दीं। अंकित ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आरोप है कि दमकल टीम काफी देर से पहुंची। तब तक लाखों रुपये का सामान जल चुका था। सूचना मिलने पर आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पिनंगवा सरपंच प्रतिनिधि गिरीराज प्रसाद ने कहा कि दमकल समय पर पहुंच जाती तो नुकसान काफी कम हो सकता था।




