निगम की चेतावनी, बाहर फेंका कूड़ा तो देना होगा 50 हजार रुपये जुर्माना

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद नगर निगम ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने या जलाने पर अब 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लग सकता है। निगम ने 200 स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए हैं। 25 अधिकारियों की टीम इस पर नजर रखेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।

rs 50000 fine for dumping garbage outside strict warning from municipal corporation

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा फेंकने, अवैध डंपिंग करने अथवा कूड़ा जलाने की गतिविधियों को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर ने सख्त रुख अपनाया है। कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर निगम ने 200 स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने का काम शुरू कर दिया है। इस काम पर नजर रखने के लिए 25 अधिकारी और कर्मचारियों की टीम बनाई गई है। निगम कमिश्नर का कहना है कि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

निगम की ओर से लगाए गए बोर्डों पर यह उल्लेख किया गया है कि ठोस अपशिष्ट (कूड़ा-कचरा) का अवैज्ञानिक ढंग से निस्तारण, खुले में कूड़ा फेंकना या उसे जलाना पर्यावरण संबंधी नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) की ओर से समय-समय पर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अडिशनल कमिश्नर परमजीत चहल ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने, अवैध डंपिंग या कूड़ा जलाने वालों पर लगातार नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों, संस्थानों अथवा अन्य जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम एवं स्वच्छता संबंधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अडिशनल कमिश्नर ने बताया कि निगम का उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए बोर्ड लोगों को चेतावनी देने के साथ-साथ फरीदाबाद को स्वच्छ बनाने में सहयोग देने के लिए प्रेरित भी करेंगे।

उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर बार-बार कूड़ा डालकर बड़े-बड़े ढेर लगाए जाते हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों पर 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे स्थानों पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि अवैध डंपिंग की समस्या को रोका जा सके।