n NBT न्यूज, रेवाड़ी: गांव बिठवाना में उस समय एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला, जब स्टार्ट खड़ा एक ट्रैक्टर अचानक दौड़ पड़ा। उसकी चपेट में आने से ट्रैक्टर के चालक की ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय ओमप्रकाश के रूप में हुई है। मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि ओमप्रकाश ट्रैक्टर से टैंकर के जरिए पानी सप्लाई करने का काम करते थे। गांव बिठवाना के पंचायत घर में चल रहे निर्माण कार्य के लिए वह पानी का टैंकर लेकर आए थे। उन्होंने अपने ट्रैक्टर को स्टार्ट ही रखा हुआ था। जब टैंकर खाली हो गया तो वह वॉल बंद करने के लिए नीचे उतर गए। इस बीच ट्रैक्टर अचानक चल पड़ा। उन्होंने जैसे ही यह देखा तो वह चलते ट्रैक्टर को रोकने के लिए उनके ऊपर चढ़ने लगे। इस दौरान उनका पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर के टायर के नीचे आ गए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर मामले की जांच शुरू कर दी है।




