n NBT न्यूज, फरीदाबाद
तिगांव थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने कार्रवाई कर एक किशोर सहित दो और आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है। 20 मई को भिवाड़ी (राजस्थान) निवासी मोनू के साथ तिगांव गांव में बेरहमी से मारपीट की गई थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी कुलभूषण ने मोनू को खेतों के पास देखा था। इसके बाद उसने अपने बेटे को फोन कर मौके पर बुलाया। कुलभूषण का बेटा अपने ताऊ के बेटे रोनक के साथ मोटरसाइकल पर वहां पहुंचा। दोनों मोनू को अपने साथ खेतों में स्थित घर पर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोपी रोनक को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है। मामले में पहले ही केस दर्ज कर जांच की जा रही थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच को जांच सौंपी गई थी।




