Online Gaming Lure Youth Scammed Of 20 Lakhs Case Registered In Cyber Police Station
ऑनलाइन गेम से मुनाफा मिला नहीं, 20 लाख और चले गए
नवभारत टाइम्स•
ऑनलाइन गेम में पैसे कमाने का लालच एक युवक को भारी पड़ा। ग्रेटर नोएडा के रहने वाले वकील खां ने दमन वेबसाइट पर गेम खेलना शुरू किया। शुरुआत में मुनाफा हुआ लेकिन बाद में पैसे अटक गए। ठगों के झांसे में आकर उन्होंने दो साल में 20 लाख रुपये गंवा दिए।
ऑनलाइन गेम खेलकर रातोंरात अमीर बनने का सपना एक युवक को भारी पड़ गया। ग्रेटर नोएडा के रहने वाले वकील खां (39) से दमन वेबसाइट पर गेमिंग के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी हुई है। युवक ने जनवरी 2024 में इस वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया था और करीब 100 गेमों में से सात पर बेटिंग शुरू की। शुरुआत में मुनाफा होने पर उसका लालच बढ़ गया, लेकिन बाद में रकम होल्ड कर दी गई। इसे वापस पाने के चक्कर में उसने दो साल में 20 लाख रुपये ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। आखिरकार ठगी का अहसास होने पर उसने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दादरी के भनौता गांव निवासी वकील खां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने शुरुआत में छोटी रकम लगाई थी और उस पर मुनाफा भी हुआ, जिसे उन्होंने अपने बैंक खाते में निकाल लिया था। इसी दौरान वेबसाइट पर कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया और गेमिंग के जरिए लाखों रुपये कमाने के तरीके बताए। लालच में आकर उन्होंने बार-बार पैसे जमा करने शुरू कर दिए। जब उन्हें नुकसान होने लगा, तो उन्होंने अपने पैसे वापस पाने के लिए उधार और लोन लेकर भी ऐप में पैसा डालना शुरू कर दिया। इस तरह, 27 महीनों में छोटे-छोटे ट्रांजैक्शन के जरिए उनके खाते से कुल लगभग 20 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। मार्च में जब उन्होंने सारे पैसे निकालने की कोशिश की, तो उनसे और रकम मांगी गई। इसके बाद ही पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।यह मामला ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते चलन और उससे जुड़े धोखे का एक और उदाहरण है। आजकल कई ऐसी वेबसाइटें और ऐप्स मौजूद हैं जो लोगों को गेम खेलकर आसानी से पैसे कमाने का लालच देती हैं। शुरुआत में कुछ लोगों को मुनाफा भी होता है, जिससे उनका विश्वास बढ़ जाता है। लेकिन धीरे-धीरे वे बड़ी रकम फंसाते चले जाते हैं और अंत में ठगी का शिकार हो जाते हैं। पुलिस ऐसे मामलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या पैसे ट्रांसफर करने से बचने की हिदायत दे रही है। साइबर थाने की पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि ठगों का पर्दाफाश हो सके और पीड़ित को न्याय मिल सके।