n NBT न्यूज, पलवल
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जूलर्स भाइयों को बंधक बनाकर अपहरण करने और 30 किलो चांदी, 8 लाख रुपये नकद और स्विफ्ट कार लूट के मामले में पुलिस अभी तक छह आरोपियों को अरेस्ट कर चुकी है। तीन आरोपियों से सात किलो 113 ग्राम चांदी, 10 हजार रुपये और स्विफ्ट कार को बरामद किया है। यूपी के मथुरा निवासी अमित अग्रवाल, नोमान को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। बकाया 23 किलोग्राम चांदी और 7 लाख 90 हजार रुपये की बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। लूट के मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस अब तक यह भी पता नहीं कर पाई है कि जूलर्स ब्रदर्स को किस रास्ते से अपहरण कर बंचारी गांव तक ले जाया गया। अपहरणकर्ता लुटेरो ने कितने पुलिस नाके और बैरिकेट क्राॅस किए अभी तक पुलिस को इसकी भी जानकारी नहीं है। लूट की राशि का बंटवारा किस आधार पर हुआ तथा आरोपियों ने लूट के बाद कहां शरण ली इस बारे में भी चुप्पी साधे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों के गिरफ्तार होने के बाद मामले का खुलासा हो पाएगा। अभी तक जो छह लोग अरेस्ट किए हैं उनमें एक चांदी खरीदने वाली व्यापारी और तीन साजिश में शामिल हैं।
नूंह के फिरोजपुर झिरका निवासी कपिल सिंगला ने बताया कि वह अपने भाई शुभम के साथ 11 मार्च को अपनी स्विफ्ट कार से कच्ची चांदी लेकर दिल्ली गए थे। दिल्ली से चांदी बदलवाकर और आठ लाख रुपये नकद लेकर ये शाम करीब चार बजे वापस घर के लिए रवाना हुए। शाम करीब पांच बजे गदपुरी थाना अंतर्गत सहराला गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ईको गाड़ी आगे कर स्विफ्ट कार को रुकवा लिया और शीशे दिए। हथियारों के बल पर कार, 30 किलो चांदी और आठ लाख रुपये की नकदी लूट ली। जूलर्स को बंधक बनाकर बंचारी गांव के पास सुनसान जगह पर फेंक दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए।

