n NBT न्यूज, हापुड़ : थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र निवासी व्यक्ति से साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश करने के नाम पर 6.64 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव नंगला बड़ निवासी अनमोल त्यागी ने बताया कि टेलीग्राम पर दीपक से संपर्क हुआ था। आरोपी ने खुद को निवेश सलाहकार बता उससे गोदरेज प्रॉपर्टीज के शेयरों में निवेश करने का सुझाव दिया। उसके झांसे में आकर 25 जून 2025 को पेटीएम के जरिए एक लाख रुपये ट्रांसफर किए। उसी दिन उसने भारतीय स्टेट बैंक की गढ़मुक्तेश्वर शाखा से 86,460 रुपये भेजे। अगले दिन यूको बैंक के खाते से 4,78,044 रुपये और ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 6,64,504 रुपये अपने खाते में जमा करवा लिए। कुछ समय बाद, आरोपी ने उससे 7 लाख रुपये और निवेश करने की मांग की। इस पर पीड़ित को शक हुआ। साइबर थाना प्रभारी पटनीश यादव ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।

