n NBT रिपोर्ट, टीएचए
इंदिरापुरम में बेटियों को संपत्ति देने के लिए बेटे-बहू की हत्या के लिए हथौड़े से हमला करने का मामला सामने आया है। बता दें कि घटना 15 मार्च की है, बेटे ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 23 मार्च की पिता के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। बेटे का आरोप है कि पिता अपनी संपत्ति में उन्हें हक नहीं देना चाहते हैं और पूरी प्रॉपर्टी बेटियों को देना चाहते हैं। इसके चलते पिता ने उनकी और उनकी पत्नी की हत्या का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से राजस्थान के भरतपुर निवासी वेदमित्र वसुंधरा सेक्टर-12 में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। वह यहां मशीनों के पार्ट्स बनाने का कारोबार करते हैं। सेवानिवृत्त होने के बाद पिता मां के साथ उनके पास ही रहते हैं। उनकी एक बहन वसुंधरा और दूसरी बहन नोएडा में परिवार के साथ रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पिता ऐदल सिंह राजस्थान की अपनी संपत्ति में से अपनी बेटियों को भी हिस्सा देना चाहते हैं। इसके लिए उनकी मां और बहनें भी पिता पर दबाव बनाती हैं। आरोप है कि 15 मार्च की रात लगभग साढ़े तीन बजे जब वह पत्नी के साथ अपने कमरे में सो रहे थे, तब पिता ऐदल सिंह ने हथौड़े से उनके सिर पर हमला कर दिया। हथौड़े के वार से उनकी पत्नी बेहोश हो गईं और वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी दाहिनी आंख भी फूट गई।
शोर होने पर पास के कमरे में सो रहे उनके बच्चे कमरे में आ गए। बच्चों ने बचाने का प्रयास किया, तो पिता ने उन पर भी हथौड़े से वार किया। किसी तरह वह बचे। इसके बाद मौके पर उनकी पत्नी के पिता और भाई भी आ गए। उन्होंने ही उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया।

