n NBT न्यूज, पलवल : अनाज मंडी में फसल बेचने के लिए गेट पास बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद जारी होगा। किसान स्वयं या अधिकतम तीन सदस्यों को अपने प्रतिनिधि के रूप में मनोनीत कर सकते हैं। इसके लिए सरकार की ओर से हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, पंचकूला के माध्यम से मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर सदस्य जोड़ने का विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप-कृषि निदेशक डाॅ. बाबू लाल ने अपील की है कि वे समय रहते पोर्टल पर अपना डेटा अपडेट कर लें ताकि मंडी में फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, पंचकूला के निर्देशानुसार गेट पास जारी करने का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे निर्धारित समय में ही अपनी फसल मंडी में लेकर आएं। उप-निदेशक ने बताया कि जिले में अब तक 37,955 किसानों की ओर से लगभग 1,87,611 एकड़ भूमि का पंजीकरण कराया गया है। इसमें 1,77,104 एकड़ में गेहूं तथा 8,734 एकड़ में सरसों की फसल का पंजीकरण शामिल है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे सरकार के नवीन निर्देशों का पालन करते हुए मंडी में अपनी फसल बिक्री सुनिश्चित करें।

