तापमान 2 डिग्री ऊपर, अगले 2 दिन हल्की बारिश के आसार

नवभारतटाइम्स.कॉम

दिल्ली में मंगलवार को धूप खिली और तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार की बारिश के बाद तापमान में बढ़ोतरी हुई। अगले दो दिनों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। 26-27 मार्च को गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। तापमान 33-35 डिग्री तक जा सकता है।

तापमान 2 डिग्री ऊपर, अगले 2 दिन हल्की बारिश के आसार

n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

दिल्ली में मंगलवार को धूप खिली और तापमान दो डिग्री बढ़कर 31.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सोमवार की हल्की बारिश के बाद अगले दिन धूप निकली और तापमान में इजाफा महसूस किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 0.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। 25 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। तापमान 32-34 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, 26-27 मार्च को हल्की बारिश या बूंदाबांदी, गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव के संकेत हैं। हालांकि, तापमान 33-35 डिग्री तक रहने की संभावना है।

पालम में मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री, लोधी रोड में 31.4 डिग्री और आया नगर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य इलाकों में भी तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहा। पिछले 24 घंटों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज होने के बाद नमी का स्तर भी काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा, अधिकतम नमी 96% तक पहुंची, जबकि न्यूनतम 38% रही। हवा में हल्की सी ठंडक बनी रहेगी।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल राजधानी में न तो तेज गर्मी का असर है और ना ही ठंड पूरी तरह गई है, जिससे मौसम संतुलित बना हुआ है। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। पिछले हफ्ते से अब तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है, इसलिए इस हफ्ते आगे भी हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवा के साथ जारी रहने की संभावना है। 26-27 मार्च के बाद 29 मार्च को एक बार फिर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। हफ्तेभर में तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।