बरेली के सीबीगंज इलाके में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। रामपुर रोड किनारे अतिक्रमण करने वालों को अंतिम नोटिस थमा दिए गए हैं। साफ कर दिया गया है कि अगर सात दिन के भीतर खुद निर्माण नहीं हटाया गया, तो निगम की टीम बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करेगी। मंगलवार को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और कब्जा करने वालों से जमीन के मालिकाना हक से जुड़े कागजात मांगे। अधिकारियों के मुताबिक, रामपुर रोड को चौड़ा किया जाना है, लेकिन रास्ते में अवैध निर्माण बड़ी बाधा बन रहे हैं। संपत्ति अधिकारी ने नोटिस में बताया कि गाटा संख्या 128 पर राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार 55 मीटर चौड़ी जमीन पर कब्जा पाया गया है। जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर निर्माण कर लिया है। पहले भी नोटिस दिए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसी तरह खलीलपुर रोड पर भी करीब 300 मकानों को अतिक्रमण की जद में पाया गया है। नगर निगम पहले ही इन मकानों पर लाल निशान लगा चुका है। मंगलवार को दोबारा जांच के दौरान लोगों को आखिरी मौका देते हुए कागजात दिखाने को कहा गया। नगर निगम का कहना है कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर बिना किसी और चेतावनी के कार्रवाई की जाएगी।

