n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
शहर की एक कॉलोनी में पशु संरक्षण संस्था (PFA) की महिला सदस्यों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कुत्ते की मौत को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने महिलाओं पर सड़क पर ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में एक महिला सदस्य के पति के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले का विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डॉग रेस्क्यू के दौरान बढ़ा विवाद: पीएफए सदस्य हर्षिता के अनुसार, नगर निगम की ओर से उनकी संस्था को शहर में कुत्तों की देखभाल, सुरक्षा और नसबंदी (ABC) का कार्य सौंपा गया है। सोमवार को नगर निगम की टीम नेहरू कॉलोनी स्थित 3 नंबर पुलिया के पास से गुजर रही थी, तभी कुछ लोग एक कुत्ते को लाठी से मारते दिखाई दिए। सूचना मिलने पर हर्षिता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक कुत्ते की मौत हो चुकी थी। हर्षिता का आरोप है कि विरोध करने पर पहले धक्का-मुक्की हुई और थोड़ी ही देर में आसपास के घरों से लोग इकट्ठा हो गए। करीब 10 से 12 लोगों ने मिलकर उनकी टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान हर्षिता और उनकी साथी त्रिशा को सड़क पर गिराकर पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंचे हर्षिता के पति आकाश के सिर पर भी डंडा मारा गया।
कॉलोनीवासियों का पक्ष : कॉलोनी के कुछ लोगों का कहना है कि जिस कुत्ते की मौत हुई, वह पहले कई बच्चों और राहगीरों को काट चुका था। उनका कहना है कि मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में एनजीओ टीम के पहुंचने से विवाद बढ़ गया। पुलिस का कहना है जांच जारी है।

