n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
डबुआ थाना क्षेत्र के गांव बाजरी में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मुंह पर कपड़ा बांधे 30-35 युवकों ने कमरे के बाहर बैठे तीन युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने तीनों को ज़मीन पर गिराकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ पीटा। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और एक नामजद आरोपी समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
कमरे के बाहर घेरकर किया हमला: पीड़ित पक्ष के अनुसार, 15 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे तुषार, उसका चचेरा भाई अंशुल और दोस्त अभिषेक खेत पर बने एक कमरे के बाहर बैठे थे। तभी मुख्य आरोपी गोलू अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और तीनों को घेर लिया। हमलावरों ने उन्हें जमीन पर गिराकर बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
रॉड-डंडों से लैस थे हमलावर: शिकायतकर्ता विकास त्यागी के मुताबिक, हमलावरों की संख्या 30 से 35 के बीच थी। सभी के हाथों में लोहे की रॉड और डंडे थे। ज्यादातर ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। हमलावर बाइक और ऑटो से मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि मुख्य आरोपी पहले से ही उनके बेटे की रैकी कर रहा था।

