बुखार-जुकाम ने किया परेशान दवा के लिए OPD में लगी भीड़

नवभारतटाइम्स.कॉम

दो दिन के अवकाश के बाद सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ देखी गई। खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित लोगों की संख्या अधिक रही। मौसम में बदलाव के कारण वायरल संक्रमण बढ़ा है। अस्पताल प्रबंधन ने भीड़ को नियंत्रित करने के उपाय किए। स्वास्थ्य विभाग ने हल्के लक्षणों पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाने की सलाह दी है।

fever cold outbreak huge crowd of patients in opd increased pressure on health services

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

दो दिन अवकाश के चलते सरकारी अस्पतालों की ओपीडी बंद रही। इसके बाद मंगलवार को जैसे ही ओपीडी सेवाएं शुरू हुईं, अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही पर्ची काउंटरों पर लंबी कतारें लग गईं और डॉक्टरों के कमरों के बाहर मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ओपीडी बंद रहने के कारण मरीजों का बैक लॉग बढ़ गया था, जिसका असर मंगलवार को साफ दिखाई दिया। सामान्य दिनों की तुलना में मरीजों की संख्या काफी अधिक रही। सबसे ज्यादा मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित नजर आए। मौसम में आए बदलाव के चलते वायरल संक्रमण के मामलों में तेजी आई है।

बच्चों और बुजुर्गों में इन लक्षणों की शिकायत ज्यादा देखने को मिली। कई मरीजों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से तबीयत खराब थी, लेकिन अवकाश के कारण वे अस्पताल नहीं आ सके। डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल फीवर और श्वसन संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, साफ-सफाई रखने और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है।

अस्पताल प्रबंधन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काउंटर और डॉक्टरों की व्यवस्था की ताकि मरीजों को राहत मिल सके। हालांकि, देर तक ओपीडी में मरीजों की भीड़ बनी रही, जिससे कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि हल्के लक्षण होने पर पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें और जरूरत पड़ने पर ही बड़े अस्पतालों का रुख करें, ताकि भीड़ को कम किया जा सके।