nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में अब राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा पास करने वालों को सीधे दाखिला दिया जाएगा। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को विवि की प्रवेश परीक्षा से छूट दी जाएगी। इसमें इंजिनियरिंग, मैनेजमेंट, मेडिकल समेत अन्य परीक्षाएं शामिल हैं। इसके अलावा सभी विषयों के लिए होने वाली सीयूईटी देने वाले अभ्यर्थियों को भी इस बार विवि की प्रवेश परीक्षा नहीं देनी होगी। भाषा विवि में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी के साथ ही विवि की ओर से अब अपनी ऐडमिशन पॉलिसी को भी फाइनल कर दिया गया है।
विवि की प्रवक्ता रुचिता चौधरी ने बताया कि विवि की प्रवेश समिति ने निर्णय लिया है कि ऐसे अभ्यर्थी जो सीयूईटी, मैनेजमेंट की कैट व मैट, इंजिनियरिंग की गेट व जेईई समेत नाइपर जैसी परीक्षा पास करके आएंगे तो उन्हें विवि की प्रवेश परीक्षा नहीं देनी होगी। विवि ने निर्णय लिया है कि ऐसे अभ्यर्थियों को उस प्रवेश परीक्षा के स्कोर के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। ऐसे सभी अभ्यर्थियों उनके स्कोर के आधार मेरिट अलग मेरिट बनाई जाएगी और उसी के मुताबिक उनको दाखिला दिया जाएगा। जबकि विवि की प्रवेश परीक्षा देने वालों की मेरिट अलग तैयार की जाएगी।

